माननीय राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, 13 सितंबर, 2023 को दूरदर्शी स्वास्थ्य कार्यक्रम ‘आयुष्मान भव:’ अभियान का उद्घाटन करेंगी। देश भर में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और समावेशिता को फिर से परिभाषित करने के लिए निर्धारित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से होगा। इस सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज (यूएचसी) और सभी के लिए स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री, डॉ. भारती प्रवीण पवार और प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल सहित कई संसद सदस्य और स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से माननीय राज्यपालों, माननीय मुख्यमंत्रियों, राज्य मंत्रियों और विभिन्न क्षेत्रों से संबद्ध अधिकारियों को वर्चुअल रूप से भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। इसमें जिला मुख्यालयों, ब्लॉक मुख्यालयों और अपने गांवों में स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों से बड़ी संख्या में जन प्रतिनिधि, लाभार्थी और प्रतिभागी भी भाग लेंगे।आयुष्मान भव: अभियान स्वास्थ्य विभाग, अन्य सरकारी विभागों और ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्थानीय निर्वाचित निकायों के साथ मिलकर ग्राम पंचायतों द्वारा चलाया गया एक सहयोगी प्रयास है। इसका मुख्य उद्देश्य भौगोलिक बाधाओं को पार करते हुए हर गांव और शहर में व्यापक स्वास्थ्य सेवा कवरेज का विस्तार करना है और यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों।